प्यारेपुर/सादात(गाजीपुर )। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विकास खंड सादात अंतर्गत श्री महंत शिवदास उदासीन इंटर कॉलेज, सादात के प्रांगण में रविवार प्रातःकाल शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सुदृढ़ बनाता है। नियमित योगाभ्यास न केवल अनेक रोगों से बचाव करता है, बल्कि जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास, एकाग्रता एवं अनुशासन का भी विकास करता है।
कार्यक्रम के दौरान योग के महत्व, उसके वैज्ञानिक आधार तथा दैनिक जीवन में उसकी उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित योग करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सर्वजीत सिंह, प्रधानाचार्य राजेश यादव, सीएम फेलो बृजेश कुमार, एआरपी रविन्द्र प्रताप यादव, सुधीर यादव, रमेश राय, रामानंद यादव, सुभाष यादव, रवि प्रकाश यादव, सूर्यनाथ यादव, शशिभूषण, राजेश राम, अभय श्रीवास्तव, डॉ. अभिषेक यादव, अफगान अंसारी, अखिलेश चौहान, गीता यादव, सावित्री यादव, अवधेश चौहान, संतोष प्रजापति, राजशेखर दयाल सहित ब्लॉक सादात के अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
योगाभ्यास का संचालन विनय जायसवाल एवं उनके सहयोगियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “करें योग, रहें निरोग” का संदेश देते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही स्वस्थ भारत के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए इसे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।
