गाजीपुर। 77वें गणतंत्र दिवस के गौरवशाली अवसर पर पुलिस लाइन गाजीपुर में भव्य परेड एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय श्री ओमप्रकाश राजभर (कैबिनेट मंत्री, उत्तर प्रदेश) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाधिकारी गाजीपुर एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई।
समारोह के दौरान भव्य परेड का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस बल की अनुशासनात्मक दक्षता और एकरूपता का प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण उत्कृष्ट सेवा सम्मान समारोह रहा।
कर्तव्यनिष्ठा, साहस एवं उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का परिचय देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्य अतिथि तथा पुलिस अधीक्षक गाजीपुर द्वारा प्रशस्ति पत्र और पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुल 12 पुलिस कर्मियों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक, 13 पुलिस कर्मियों को उत्कृष्ट सेवा पदक तथा 70 पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
सम्मान समारोह का उद्देश्य उन पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाना था, जिन्होंने बीते वर्ष कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने, अपराध नियंत्रण एवं जनसेवा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दिया है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण का प्रतिफल है, साथ ही यह अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा। उन्होंने सभी जवानों से इसी निष्ठा और ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करते रहने का आह्वान किया।






