Tuesday, April 21, 2026
HomeBlogबिजली चेकिंग से मचा हड़कंप: 5 कनेक्शन काटे, 5 पर केस, ₹36...

बिजली चेकिंग से मचा हड़कंप: 5 कनेक्शन काटे, 5 पर केस, ₹36 हजार वसूली


नूर सबा /आबिद शमीम
नंदगंज (गाज़ीपुर )नंदगंज बाजार स्थित शहीद स्मारक इंटर कॉलेज के सामने मुन्नन सिंह की गली की एक कॉलोनी में मंगलवार को विद्युत विभाग की टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और उपभोक्ताओं में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
जांच के दौरान कई उपभोक्ताओं के यहां अनियमितताएं पाई गईं। नियमों के उल्लंघन पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच उपभोक्ताओं का बिजली लोड बढ़ा दिया, जबकि पांच लोगों के कनेक्शन काट दिए गए। इसके अलावा, जिन उपभोक्ताओं के मीटर खराब पाए गए, उनमें से दो के मीटर मौके पर ही बदल दिए गए।
अभियान के दौरान विभाग ने बकाया और अनियमितताओं के मद में कुल ₹36,365 की वसूली भी की। वहीं बिजली चोरी और अन्य गड़बड़ियों के आरोप में पांच उपभोक्ताओं के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
इस चेकिंग अभियान में उपखंड अधिकारी कन्हैयालाल के नेतृत्व में अवर अभियंता राघवेन्द्र सिंह, टीजी-2 अजीत कुशवाहा, प्रदीप कुशवाहा सहित कर्मचारी—गौतम कुमार, रामसरन, शाहरुख, इरफान और सुलखान मौजूद रहे।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि बिजली चोरी पर लगाम लगाई जा सके और राजस्व नुकसान को रोका जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments