नूर सबा संवाददाता
गाज़ीपुर। शहर के मिश्र बाजार स्थित पुरानी दवा मंडी की बदहाल स्थिति को लेकर ड्रग डीलर्स वेलफेयर सोसायटी, गाज़ीपुर ने शनिवार को नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। सोसायटी के महामंत्री अश्वनी राय के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने नगर पालिका के अधिशासी अभियंता के नाम संबोधित एक पत्रक सौंपकर मंडी में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
पत्रक में बताया गया कि वर्ष 1985 से संचालित यह दवा मंडी जनपद की प्रमुख थोक दवा बाजारों में शामिल है, जहां नगर पालिका की लगभग 160 दुकानें संचालित हो रही हैं। प्रतिदिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग यहां दवाएं खरीदने पहुंचते हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में व्यापारियों और ग्राहकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सोसायटी ने बताया कि मंडी में अब तक सुलभ शौचालय की व्यवस्था नहीं है, जिससे दुकानदारों और बाहर से आने वाले ग्राहकों को काफी परेशानी होती है। इसके चलते कई लोग खुले में शौच के लिए मजबूर हैं, जिससे गंदगी फैलती है और वातावरण प्रदूषित हो रहा है।
इसके अलावा मंडी में लगी स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिससे शाम होते ही अंधेरा छा जाता है और सुरक्षा की दृष्टि से खतरा बना रहता है। व्यापारियों ने रात्रि के समय पुलिस बल की तैनाती की भी मांग की है।
पेयजल की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया है। मंडी में नलकूप से केवल सुबह और शाम को ही पानी की आपूर्ति होती है, जबकि दिनभर व्यापारियों को बाहर से पानी खरीदना पड़ता है। इससे आर्थिक बोझ बढ़ने के साथ ही गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है।
मंडी के खाली स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे रहने से दुर्गंध फैल रही है और सफाई व्यवस्था की कमी के कारण स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी उत्पन्न हो रहे हैं। इसके साथ ही नगर पालिका की दुकानों की क्षतिग्रस्त छतों की मरम्मत तथा उन पर गोदाम निर्माण की अनुमति देने की मांग भी की गई।
महामंत्री अश्वनी राय ने बताया कि प्रशासन ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है। पत्रक सौंपने के दौरान सोसायटी के चेयरमैन अजय सर्राफ, धीरज गुप्ता, प्रदीप कुशवाहा, राम आशीष प्रजापति सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बदहाल मिश्र बाज़ार दवा मंडी पर फूटा व्यापारियों का गुस्सा: बुनियादी सुविधाओं को लेकर नगर पालिका के खिलाफ मोर्चा
Recent Comments
on Hello world!
