आदर्श श्रीवास्तव संवाददाता
कैण्ट पुलिस और एसओजी-2 की संयुक्त कार्रवाई, मोबाइल और नकदी बरामद
वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस की “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगातार प्रहार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार की भोर में कैण्ट पुलिस और एसओजी-2 की संयुक्त टीम ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगा रहे चार अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि अर्दली बाजार स्थित टैगोर टाउन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टेबाजी संचालित हो रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कैण्ट शिवाकान्त मिश्र और एसओजी-2 के उपनिरीक्षक अभिषेक पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की, जहां चारों अभियुक्त सट्टा लगाते हुए पकड़े गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
पुलिस ने मौके से संजय राय (गणेश नगर, कैण्ट), मृनाल सिंह (विंध्यवासिनी नगर, अर्दली बाजार), अभिषेक सिंह (नारायणपुर, शिवपुर) और विश्वजीत सिंह उर्फ शानू (डीआईजी कॉलोनी, कैण्ट) को गिरफ्तार किया है।
बरामदगी:
तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से 30,070 रुपये नकद और सट्टेबाजी में प्रयुक्त 5 टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।
कानूनी कार्रवाई:
चारों अभियुक्तों के खिलाफ थाना कैण्ट में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
टीम की भूमिका:
इस सफल ऑपरेशन में थाना प्रभारी शिवाकान्त मिश्र, चौकी प्रभारी उमाशंकर, एसओजी-2 के अभिषेक पाण्डेय, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।
पुलिस का संदेश:
कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी जैसी अवैध गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवाओं को गुमराह करने वाले ऐसे नेटवर्क के खिलाफ ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ आगे भी जारी रहेगा।
