राम अवतार यादव संवाददाता
सादात (गाजीपुर)। जीउत दास पब्लिक स्कूल, चैनपुर सादात का वार्षिकोत्सव शनिवार की देर शाम हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समां बांध दिया और उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने नृत्य, नाटक और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए दहेज प्रथा, नारी सम्मान, कन्या भ्रूण हत्या और मोबाइल के दुष्प्रभाव जैसे समसामयिक मुद्दों पर प्रभावशाली संदेश दिया, जिसे अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में टी-20 विश्व विजेता भारतीय टीम के कप्तान Suryakumar Yadav के चाचा विनोद यादव उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम होते हैं और उनके सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय के प्रबंधक राजनाथ यादव, डॉ. विजय बहादुर यादव, कन्हैया यादव ‘पप्पू’, मुसाफिर यादव, इंजीनियर सभाजीत सिंह यादव, संजय यादव ‘पप्पू’, कमलेश यादव ‘भानु’ सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों द्वारा विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाले मेधावी छात्रों में एलकेजी से कक्षा आठवीं तक प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले आशी सिंह, एलिजा जहरा, अक्षिता यादव, अपूर्वी, शिवांगी, आयुष, प्रज्ञा जायसवाल, अनन्या यादव, ध्रुव और निशांत प्रमुख रहे।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. विजय बहादुर यादव ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया तथा कार्यक्रम के अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में विवेक जायसवाल, प्रिंसिपल स्नेहलता गुप्ता और अजमत आब्दी की विशेष भूमिका रही।
इस मौके पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, अभिभावकगण और क्षेत्र के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





